
टनकपुर। जनहित की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसायटी का पूर्णागिरी तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन रविवार को 14वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर शासन-प्रशासन का कोई अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिससे नाराज प्रदर्शनकारियों और स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया।
सोसायटी की ओर से बताया गया कि 21 सितंबर 2026 से टनकपुर-बनबसा में मिनी सिडकुल खोलने, प्रदेश की जनता को 200 यूनिट तक बिजली बिल में छूट देने, आयुष्मान आरोग्य कार्ड में रेफर/एप्रूवल जैसी बाध्यताएं हटाने, पिथौरागढ़ चुंगी चौराहे का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर सुभाष चौक करने तथा टनकपुर के शारदा चुंगी-क्रेशर-बैराज रोड का निर्माण कराने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर लगातार धरना देने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने जल्द मांगों पर सुनवाई कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।



