पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सातवें दिन भी धरने पर डटी इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसायटी

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और पांच सूत्रीय मांगों को लेकर इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसायटी का धरना प्रदर्शन रविवार को सातवें दिन भी तहसील टनकपुर परिसर में जारी रहा। रविवार का अवकाश होने के बावजूद सोसायटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धरना स्थल पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टनकपुर में सिडकुल की स्थापना, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने सहित पांच सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। सोसायटी का कहना है कि क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। ऐसे में टनकपुर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।

सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगें क्षेत्र के युवाओं और आम जनता से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

रविवार को सातवें दिन भी धरना जारी रहने से आंदोलन को लेकर सोसायटी की सक्रियता बनी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इन मांगों को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।धरने में सरदार बलविंदर सिंह, पुष्कर राम, गिरीश कुमार, बहादुर राम, तिलक राम, मुकेश कुमार, नारायणी देवी, ममता देवी, हीरा देवी, रेशमा, शकोला बेगम, शांति देवी, तारा, संतोष, अनीसा, रितेश शर्मा, वंदना देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Ad