भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और फोरलेन सड़क का निरीक्षण, महाराज ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खबर शेयर करें 👉

बनबसा, महाराज ने भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन ड्राई पोर्ट और फोरलेन सड़क परियोजना का किया निरीक्षण प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को बनबसा में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निर्माणाधीन ड्राई पोर्ट, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट तथा फोरलेन सड़क परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री महाराज ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत 246.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (पुराना एएच-125) सीतारगंज-टनकपुर मार्ग पर जगबुड़ा पुल के समीप से बनबसा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चेक पोस्ट तक बन रही फोरलेन कनेक्टिविटी का निरीक्षण किया। साथ ही 368.28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बनबसा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट परियोजना का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

महाराज ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर बन रहा ड्राई पोर्ट दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और आयात-निर्यात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे सीमांत क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से भारत-नेपाल के बीच व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास को भी मजबूती मिलेगी।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad