टनकपुर। नायकगोठ में वन निगम के डिपो नंबर-03 के समीप बन रहे नाले के निर्माण को लेकर आवासीय मकानों को तोड़ने के आदेश से ग्रामीण महिलाओं में नाराजगी है। मामले को लेकर ओम महिला कलस्टर की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएम कैंप कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राजपाल चौहान को सौंपा।
महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से आवासीय मकानों को कार्रवाई से बचाने और नाला निर्माण में ग्रामीणों के हितों का ध्यान रखने की मांग की। इस दौरान ग्राम प्रधान कंचन देवी समेत तमाम ग्रामीण और समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
सीएम कैंप कार्यालय से दूरभाष पर हुई वार्ता में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि आवासीय मकान नहीं तोड़े जाएंगे। आश्वासन के बाद महिलाओं ने राहत की सांस ली।


