
टनकपुर। प्रदेश के शहरी विकास विभाग मंत्री राम सिंह कैड़ा के टनकपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका के सामुदायिक भवन में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नगर पालिका परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में फॉल सीलिंग, भवन की पुताई तथा द्वितीय तल पर रिकॉर्ड रूम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।मंत्री ने नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए ट्रंचिंग ग्राउंड, वेंडिंग जोन तथा नगर पालिका में स्थायी जेई की नियुक्ति संबंधी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री धामी तीसरी बार प्रदेश की कमान संभालेंगे। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी आंतरिक खींचतान से ही नहीं उबर पा रही है और वर्ष 2027 के चुनाव में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।इस दौरान दर्जा मंत्री हेमा जोशी, शिवराज सिंह कठायत, रोहताश अग्रवाल, चेयरमेन नगर पालिका, अधिशाषी अधिकारी ऋषभ उनियाल, हरीश भट्ट, मण्डल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, मुकेश जोशी, कुमुद जोशी, सभासद वकील अंसारी, दिलदार अली सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के कार्मिक पर्यावरण मित्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


