मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष बने भुवन पांडे, तीन अन्य पदों पर तिवारी समुदाय का दबदबा

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर/पूर्णागिरि धाम, 27 अक्टूबर। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति के चुनाव में भुवन पांडे ने एक बार फिर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष किशन तिवारी सहित तीन अन्य प्रत्याशियों को पछाड़कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

सेलागाड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। कुल 422 मतदाताओं में से 381 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद मतगणना शुरू हुई, जिसमें भुवन पांडे को विजयी घोषित किया गया।

इस चुनाव की खास बात यह है कि मंदिर समिति के चुनाव में पांडे और तिवारी समुदाय के पुरुष मतदाता ही मतदान करते हैं। निर्वाचित समिति अगले पांच वर्षों तक मां पूर्णागिरि धाम में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। यह धाम हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहता है।

तीन पदों पर तिवारी समुदाय के प्रत्याशियों ने मारी बाजी

अध्यक्ष पद पर भुवन पांडे की जीत के साथ ही अन्य तीन पदों पर तिवारी समुदाय के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

उपाध्यक्ष पद: नंदा बल्लभ तिवारी ने संजू पांडे को 55 मतों से हराकर जीत दर्ज की।

सचिव पद: सुरेश तिवारी लगातार दूसरी बार सचिव चुने गए। उन्होंने गिरीश चंद्र पांडे को 23 मतों से पराजित किया।

कोषाध्यक्ष पद: गिरीश चंद्र तिवारी ने कैलाश पांडे को 46 मतों से हराकर कोषाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।

पुलिस की रही मुस्तैदी

चुनाव अधिकारी पंडित पूरन चंद्र तिवारी की देखरेख में ग्राम प्रधान पंकज तिवारी और मनोज पांडेय के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। वहीं, मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठुलीगाड़ पुलिस चौकी प्रभारी हरीश पुरी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भुवन पांडे की दोबारा अध्यक्ष पद पर जीत की खबर चर्चा का विषय बनी रही। अब नई मंदिर समिति के सामने मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

Ad