
टनकपुर (चम्पावत)। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, टनकपुर के होनहार छात्र अर्पित सिंह राठौर ने अपनी विधा का लोहा मनवाते हुए ‘इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना’ के अंतर्गत राज्य स्तर के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। अर्पित की इस शानदार उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि संपूर्ण जनपद में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण वर्धन जोशी ने अर्पित की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह सफलता छात्र के कड़े परिश्रम और शिक्षकों के सही दिशा-निर्देशन का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्पित राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। इस सफलता में विद्यालय के एटीएल प्रभारी केशर सिंह बिष्ट की मुख्य भूमिका रही, जिनके तकनीकी मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व में अर्पित ने अपना शोधपरक प्रोजेक्ट तैयार किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार व प्रबंध समिति ने अर्पित को उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएँ दी हैं।


