
चंपावत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सीमांत जनपद चंपावत में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा संचालित उत्तराखंड कौशल विकास मिशन और ‘स्किल इंडिया’ अभियान के तहत युवाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण देकर दक्ष एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) एवं अन्य मार्गदर्शन केंद्रों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़े वर्गों के अभ्यर्थियों को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
रोजगार के अवसरों को पारदर्शी बनाने के लिए ‘रोजगार प्रयाग पोर्टल’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से शासकीय एवं आउटसोर्सिंग पदों की जानकारी उपलब्ध हो रही है। वहीं ‘अपुणी सरकार पोर्टल’ के जरिए विभागीय सेवाएं डिजिटल रूप में घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
युवाओं के कैरियर मार्गदर्शन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय को ‘स्वरोजगार केंद्र’ और ‘स्टडी सर्किल’ के रूप में विकसित किया गया है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जा रहा है, जहां स्थानीय युवाओं को विभिन्न नियोजकों से सीधे रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।इन प्रयासों से चंपावत कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘स्किल इंडिया’ एवं राज्य सरकार की योजनाओं से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ ही पलायन रोकने और राज्य के विकास में भागीदारी का अवसर मिल रहा है।



