राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को बड़ी सौगात, 103 खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरीस्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रेड पे 4200, रजत एवं कांस्य पदक विजेताओं को योग्यता के अनुरूप मिलेगा सरकारी सेवा का अवसर

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड के प्रतिभावान खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले 103 खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दिए जाने का रास्ता साफ हो गया है।

सरकार की इस पहल से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों का सम्मान मिलने के साथ ही रोजगार और सुरक्षित भविष्य का अवसर भी मिलेगा।सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रेड पे 4200 की सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। वहीं रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि, शैक्षिक योग्यता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रेड पे 2000 से 2800 तक की सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा।

पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और निर्धारित नियमों के अनुसार पुलिस, शिक्षा, वन, खेल एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों में नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का भरोसा भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है। खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा का अवसर यह संदेश भी मजबूत करता है कि खेल प्रतिभा केवल प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि एक बेहतर करियर और सुरक्षित भविष्य का रास्ता भी बन सकती है।

38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया। अब पदक विजेताओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की पहल से उनका मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।राज्य सरकार का यह कदम उत्तराखण्ड में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने, युवाओं को खेलों से जोड़ने और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा मिलेगी और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखण्ड की पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Ad