
टनकपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जनपद में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में टनकपुर स्थित शारदा घाट के पुनर्विकास के लिए 107.35 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।परियोजना के पूरा होने के बाद शारदा घाट को सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिलने के साथ ही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
धार्मिक आस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण शारदा घाट, मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ टनकपुर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी प्रमुख स्थल है।
पुनर्विकास कार्य पूरा होने से घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की संभावना है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में पर्यटन और धार्मिक स्थलों से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना से टनकपुर की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा इससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को लाभ मिलने की उम्मीद है।



