
टनकपुर (चम्पावत)। ग्राम थ्वालखेड़ा में सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों की चिंता के बीच जिला प्रशासन ने पहल करते हुए राहत की दिशा में कदम बढ़ाया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर सुरक्षा दीवार का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था द्वारा समझौते के तहत कच्चे मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ समझौता कर कच्चा रास्ता बनवा दिया गया है। वहीं, पक्के मार्ग के निर्माण की कार्यवाही भी चल रही है, जिसे अगले 15 दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा।उल्लेखनीय है कि बुधवार को ग्राम थ्वालखेड़ा के ग्रामीणों ने सड़क समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था।
ग्रामीणों ने 15 दिन के भीतर कार्य शुरू न होने पर आंदोलन करने, आत्मघाती कदम उठाने और न्यायालय की शरण में जाने की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यदायी संस्था को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।कच्चे रास्ते का निर्माण शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि पक्के मार्ग का निर्माण पूरा होने से आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। प्रशासन की पहल से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या जल्द दूर होगी।



