
चम्पावत, 20 अक्टूबर 2026। जनपद चम्पावत के युवा नवाचारी राहुल नरियाल ने सोलर कार तैयार कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने राहुल के पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा बेटे की उपलब्धि पर बधाई दी।चम्पावत के मादली निवासी राहुल नरियाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने करीब एक माह की मेहनत और लगभग 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। उनकी यह उपलब्धि वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग, तकनीकी नवाचार और रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है।राहुल वर्तमान में डेराबस्सी स्थित लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के दौरान सोलर कार तैयार कर उन्होंने यह साबित किया है कि लगन, मेहनत और तकनीकी ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग से नए प्रयोगों को साकार किया जा सकता है। उनकी यह पहल अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल की मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने राहुल को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ अध्ययन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिमालय समाचार | देवेन्द्र यादव, सम्पादक



