
बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” संकल्प को साकार करने की दिशा में चम्पावत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसओजी एवं थाना बनबसा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 43 अवैध नशीले इंजेक्शनों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर जनपद भर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बनबसा क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 23 एनआरएक्स बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन एवं 20 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एक डिस्कवर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सिंह भाट (32 वर्ष) पुत्र भैरव सिंह निवासी गोवरिया ओडा-18, भीमदत्त नगरपालिका, महेन्द्रनगर (नेपाल) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, अपर उपनिरीक्षक गणेश सिंह बिष्ट, कांस्टेबल कुलदीप सिंह एवं कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे।चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


