एनसीसी कैडेट्स की बड़ी उपलब्धि: 11 कैडेट्स का अग्निवीर में चयन

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर। पीएम श्री ठाकुर श्याम सिंह रावत–जगत सिंह रावत–राधे हरि राजकीय इंटर कॉलेज, टनकपुर के लिए गर्व का क्षण है। विद्यालय के 11 एनसीसी कैडेट्स का अग्निवीर भर्ती के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।
विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सभी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही देश सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आशीर्वाद दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीश चंद्र पाठक ने एनसीसी अधिकारी कैप्टन एल. डी. तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन और अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि विद्यालय के कैडेट्स लगातार विभिन्न प्रतियोगी चयन प्रक्रियाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
कैप्टन एल. डी. तिवारी पिछले 16 वर्षों से एनसीसी कैडेट्स को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय के अनेक कैडेट्स पूर्व में भी पुलिस, भारतीय सेना, एसएसबी, नौसेना और वायुसेना जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होकर देश की सेवा कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने चयनित सभी कैडेट्स की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे टनकपुर क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विद्यालय के शिक्षकों ने विश्वास जताया कि चयनित कैडेट्स भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय में चयनित कैडेट्स की इस सफलता से उत्साह का माहौल है तथा अन्य छात्र-छात्राओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।