पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में टनकपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में सोमवार को नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की।प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष, कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद, पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष साहिल गिरी, संगठन मंत्री इरशाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस दौरान गौरव जोशी, सौरव गिरी, आसिफ, राहुल राज, विनोद ओली, शिवम मिश्रा, अर्जुन, मयूर बिष्ट, शाहवेज, गौरव वर्मा, मजीद, अबरार, भोला नाथ, वाजिद, राहुल और कमल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन में भाग लिया।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए और पेपर लीक के मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी भविष्य में व्यापक जनआंदोलन करेगी।