प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा दयानंद इण्टर कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का किया गया आयोजन

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। दयानंद इण्टर कॉलेज में छात्रों को नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि बीके कमला दीदी, बीके गीता दीदी, बीके देवदत्त वर्मा भाई, बीके भगवत चरण वर्मा भाई और बीके करनवीर भाई उपस्थित रहे। संस्था के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे हमेशा दूर रहने की सीख दी।इस दौरान बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से कुछ विशेष प्रेरणादायक लघु फ़िल्में और व्यावहारिक दृश्य भी दिखाए गए, जिनमें बड़े ही प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया कि किस तरह आज के युवा अनजाने में नशे की गंभीर हालत और दलदल में चले जाते हैं। इन लघु फिल्मों को देखकर बच्चों ने जीवन की इस कड़वी सच्चाई से बड़ी सीख ली और समझा कि कैसे एक गलत कदम पूरे भविष्य को बर्बाद कर सकता है। इसे देखकर बच्चे बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने भविष्य में हर प्रकार के नशे से दूर रहने का पक्का इरादा किया। इसी क्रम में कार्यक्रम के बीच सभी बच्चों को जीवन में कभी भी नशा न करने की एक गंभीर सामूहिक प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।इसके साथ ही, आज के दौर में बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इससे बचने के व्यावहारिक उपाय सुझाए गए। इस अवसर पर बीके दीदी और भाइयों ने बच्चों को राजयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बहुत ही सरल शब्दों में समझाया कि दैनिक जीवन में राजयोग का अभ्यास करने से न केवल मन को असीम शांति मिलती है, बल्कि विद्यार्थियों में रोजमर्रा की पढ़ाई, गहराई से सोचने और सही-गलत को समझने की शक्ति का भी अद्भुत विकास होता है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्या माहेश्वरी पाण्डेय ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के इस सराहनीय व जनहितैषी प्रयास का सहृदय आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।