राजकीय महाविद्यालय बनबसा में अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का किया गया सफल आयोजन

खबर शेयर करें 👉

बनबसा (चम्पावत)। राजकीय महाविद्यालय बनबसा में आज शनिवार को एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन राजकीय महाविद्यालय बनबसा, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर, महायोगी गुरुगोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी एवं विश्व संवाद केंद्र, उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. टी. एन. खांटो जी एवं विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल के मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में आईआईटी रुड़की की प्रो डॉ स्मिता झा (समाजशास्त्र एवं सामाजिक विज्ञान विभाग) ने महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के विषय पर गहन विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि वास्तविक सामाजिक न्याय तभी संभव है, जब महिलाओं को न केवल कागजों पर बल्कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी समान अधिकार और निर्णय लेने की स्वतंत्रता मिले।कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में उपस्थित प्राचार्य प्रो. ज्ञान प्रकाश सिंह ने शिक्षा और न्याय के अंतर्संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो समाज में व्याप्त लैंगिक असमानताओं को दूर कर महिलाओं को उनके वास्तविक अधिकार दिला सकता है।इसके अतिरिक्त प्रो. योगेश कुमार शर्मा (प्राचार्य, महायोगी गुरुगोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी), प्रो. अर्चना गौतम (प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर) एवं प्रो. शर्मिला सक्सेना (प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय खटीमा) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण और समाज में उनकी निर्णायक भूमिका पर जोर दिया।कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए इस आयोजन को सफल बनाया। अंत में आयोजक मंडल द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।