
टनकपुर (चम्पावत)। मंगलवार को शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रहीं दो बहनें अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार रेनू (पुत्री राजकुमार) और दिव्या (पुत्री राजेन्द्र कुमार) नदी में स्नान के दौरान असंतुलित होकर बहाव में फंस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद उत्तराखंड पुलिस और तैराक दल ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम की सूझबूझ और बहादुरी से दोनों बहनों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू टीम में हेड कांस्टेबल कपूर राणा, कांस्टेबल मुकेश सिंह, कांस्टेबल मनोज राणा, कांस्टेबल दीप चन्द्र, गोताखोर रविंद्र सिंह, पीआरडी जवान सूरज शर्मा तथा जल पुलिस के कांस्टेबल राकेश गिरी शामिल रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और रेस्क्यू टीम की तत्परता की सराहना की है। प्रशासन ने नदी किनारे स्नान करते समय सतर्कता बरतने की अपील भी की है।


