
चम्पावत जनपद के शैक्षिक इतिहास में आज एक सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। लाला चम्भाराम विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चम्पावत के मेधावी छात्र अर्पित राठौर ने ‘इंस्पायर अवॉर्ड-मानक’ योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
यह पहला अवसर है जब चम्पावत जिले से किसी छात्र ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नेशनल स्तर तक अपनी जगह बनाई है। अर्पित की इस सफलता से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद में उत्साह का माहौल है।
प्रधानाचार्य और गुरुजनों का रहा कुशल मार्गदर्शन
अर्पित की इस असाधारण उपलब्धि के पीछे विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कृष्ण वर्धन जोशी जी का निरंतर सहयोग रहा है। साथ ही, अटल टिंकरिंग लैब (ATL) के प्रभारी केशर सिंह बिष्ट और मार्गदर्शक शिक्षक संदीप के कुशल नेतृत्व व तकनीकी परामर्श ने अर्पित के नवाचार को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। इन गुरुजनों के मार्गदर्शन में तैयार प्रोजेक्ट ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी।
विद्यालय में खुशी की लहर….
इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय के समस्त शिक्षक वर्ग और प्रबंधन समिति ने अर्पित राठौर को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। वक्ताओं का कहना है कि अर्पित की इस मेहनत और शिक्षकों के सही दिशा-निर्देश ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प हो, तो छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय फलक पर चमक सकती हैं।


