अपनी जान न्योछावर कर 34 यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले देवदूत चालक स्व. बेनी राम थ्वाल को रोडवेज कर्मियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का रखा मौन

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर। लोहाघाट-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में अपनी जान की परवाह किए बिना 34 यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले उत्तराखंड रोडवेज के चालक स्वर्गीय बेनी राम थ्वाल को रोडवेज कर्मियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रोडवेज परिसर में एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने दिवंगत चालक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शोकसभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्व. बेनी राम थ्वाल ने कर्तव्यनिष्ठा, साहस और मानवता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर 34 यात्रियों को खाई में गिरने से बचाया और एक सच्चे कर्मयोगी का परिचय दिया।
इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
रोडवेज कर्मियों ने कहा कि स्व. बेनी राम थ्वाल का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श बनेगी। शोकसभा में उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।