मैक्स अस्पताल नई दिल्ली के विशेषज्ञ डाक्टरों ने एनएचपीसी के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में पहुँच सीमांत के मरीजों का किया उपचार

खबर शेयर करें 👉

बनबसा में एनएचपीसी अस्पताल में लगाया गया शिविर।बनबसा (चम्पावत)। मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए टनकपुर पावर स्टेशन परिसर, बनबसा में शुक्रवार को निःशुल्क मासिक ओपीडी एवं एक दिवसीय चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। प्रतिष्ठित मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।कार्यक्रम का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। शिविर में मैक्स अस्पताल से आए न्यूरो रोग विशेषज्ञ डॉ. केशव मिश्रा तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभित रस्तोगी ने मरीजों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी दिशा-निर्देश दिए।पावर स्टेशन प्रबंधन द्वारा समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे कर्मचारियों, उनके परिजनों, सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।इस शिविर में पावर स्टेशन कर्मियों, उनके परिवारों, सीआईएसएफ जवानों तथा स्थानीय क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 70 लाभार्थियों ने इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाया।शिविर के सफल आयोजन में पावर स्टेशन अस्पताल की टीम का विशेष योगदान रहा। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी, बल्कि संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है।