
बनबसा (चम्पावत)। मनोज कुमार, कार्यवाहक कमांडेंट 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी को एक अहम सफलता हाथ लगी है। एसएसबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नेपाली युवक को 3.50 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। सीमा सुरक्षा बल से मिली जानकारी के अनुसार एसएसबी की सीमा चौकी बनबसा की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थ को भारत से नेपाल ले जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसएसबी ने तत्परता दिखाते हुए नाका दल का गठन किया और सीमा स्तम्भ संख्या 805/1 के पास सघन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 3.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आशीष भंडारी (21 वर्ष) पुत्र धीरेन्द्र सिंह, निवासी नेपाल बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इस स्मैक को भारत से नेपाल ले जा रहा था। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए थाना बनबसा के सुपुर्द कर दिया गया है। इस अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट दिनेश कुमार यादव ने किया। उनके साथ सहायक उप निरीक्षक कोमल सिंह, मुख्य आरक्षी अमित, आरक्षी नितिन और अरविन्द शामिल रहे।


