टनकपुर पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों के साथ की बैठक, CCTV लगाने के दिए निर्देश, प्रतिष्ठानों के अंदर-बाहर की गतिविधियों पर रहेगी नजर, कबाड़ खरीद-बिक्री का अभिलेख सुरक्षित रखने की दी हिदायत

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी को लेकर टनकपुर पुलिस ने मंगलवार को कबाड़ कारोबारियों के साथ बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक चम्पावत के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टनकपुर चेतन रावत के नेतृत्व में एसएसआई पूरन सिंह तोमर ने क्षेत्र में निवासरत एवं कबाड़ का कारोबार करने वाले कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान पुलिस ने सभी कबाड़ कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। कैमरों को इस प्रकार स्थापित करने को कहा गया कि प्रतिष्ठान के अंदर के साथ-साथ बाहर की गतिविधियां भी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें।इसके अलावा कबाड़ की खरीद-बिक्री के दौरान संबंधित सामान की जानकारी एवं आवश्यक विवरण का उचित अभिलेखीकरण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कारोबारियों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा संदिग्ध अथवा चोरी का सामान बेचने का प्रयास किया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने के साथ ही कारोबारी अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामान पर विशेष नजर रखें। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध की रोकथाम, चोरी के माल की खरीद-बिक्री पर अंकुश तथा संदिग्ध गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है।टनकपुर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में जागरूकता एवं सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।