
टनकपुर (चम्पावत)। गत 18 जून से यहां देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के तहत आंदोलन जारी है। आज भीषण गर्मी व सरकारी अवकाश होने के बावजूद सफाई कार्य में ठेका प्रथा बंद करने सहित 7 मांगों को लेकर संघ टनकपुर सहित प्रदेश के अन्य कई शहरों में कर्मचारी धरना दे रहे हैं।टनकपुर में संघ के जिलाध्यक्ष श्याम सिह बाल्मिकी का कहना है कि जुलाई 2021 में चले आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार ने एक माह के भीतर मांगों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन 58 माह से अधिक का समय बीतने के बावजूद आश्वासन पूरा नहीं हुआ है। ठेका प्रथा समाप्त करने और अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए गठित रयाल कमेटी की सिफारिशों को लागू होने का उन्हें आज भी इंतजार है। इसी साल कई बार कार्रवाई करने के लिए देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने शासन को पत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। संघ ने मांगों पर ठोस कार्रवाई हुए बगैर आंदोलन खत्म नहीं करने का ऐलान किया है। टनकपुर में हुए धरने में संघ के शाखा अध्यक्ष कमलेश बाल्मिकी, मंत्री सुनील बाल्मिकी, संरक्षक राकेश कुमार, उर्मिला देवी, बित्रा देवी, विशाल, कपिल बाल्मिकी, राजेंद्र बाल्मिकी, प्रेम बाल्मिकी आदि शामिल रहे ।


