स्कूली वाहनों पर टनकपुर पुलिस की सख्त नजर, तीन वाहनों के चालान; नंदा कॉन्वेंट स्कूल में चलाया साइबर जागरूकता अभियान

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर कोतवाली टनकपुर पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत के नेतृत्व में विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय विभिन्न स्कूलों के वाहनों की सघन जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सहित अन्य सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन स्कूली वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में नंदा कॉन्वेंट स्कूल, टनकपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
अभियान में उपनिरीक्षक गुरविंदर कौर, उपनिरीक्षक कुशाल सिंह नगरकोटी, हेड कॉन्स्टेबल रामलाल, कॉन्स्टेबल हितेश वर्मा एवं कॉन्स्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।