➡️ शनिवार की शाम लगभग 4 बजे टनकपुर टीआरसी मे पहुंचेगा कैलाश यात्रियों का पहला दल
➡️ रविवार सुबह लगभग 8 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शिवभक्तो को हरी झंडी दिखाकर कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए करेंगे रवाना

टनकपुर (चम्पावत)। उत्तराखंड से होकर संचालित हो रही पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ शनिवार को टनकपुर से होने जा रहा है। यात्रा का पहला 51 सदस्यीय दल शनिवार शाम लगभग 4 बजे शारदा पर्यटक आवास गृह (टीआरसी) टनकपुर पहुंचेगा, जहां तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दल में एक चिकित्सक सहित कुल 51 शिवभक्त शामिल हैं, जिनमें 36 पुरुष एवं 15 महिला तीर्थयात्री हैं। टनकपुर पहुंचने पर सभी यात्रियों का पारंपरिक छोलिया नृत्य, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया जाएगा। शाम को यात्रियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।उन्होंने बताया कि पहले दल में आंध्र प्रदेश से 2, दिल्ली से 7, गुजरात से 3, हरियाणा से 3, झारखंड से 1, कर्नाटक से 2, मध्य प्रदेश से 1, महाराष्ट्र से 9, राजस्थान से 13, तमिलनाडु से 3, तेलंगाना से 1, उत्तर प्रदेश से 5 तथा उत्तराखंड से 1 तीर्थयात्री शामिल हैं। यह दल देश की विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस दल में सबसे वरिष्ठ तीर्थयात्री 68 वर्षीय राजस्थान निवासी हैं, जबकि सबसे युवा तीर्थयात्री 21 वर्षीय गुजरात निवासी हैं। इससे स्पष्ट होता है कि भगवान शिव के दर्शन और कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रति श्रद्धा हर आयु वर्ग के लोगों में समान रूप से विद्यमान है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग टनकपुर से होकर संचालित किया जा रहा है। इससे सीमांत जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिल रहा है।अब पूरे टनकपुर की निगाहें शनिवार शाम पर टिकी हैं, जब “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच शिवभक्तों का यह पहला जत्था देवभूमि उत्तराखंड के टनकपुर की धरती पर कदम रखेगा और कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा का ऐतिहासिक शुभारंभ रविवार की सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जायेगा ।


