बुधवार शाम टनकपुर पहुंचेगा कैलाश मानसरोवर यात्रियों का 48 सदस्यीय नौवां दल, शारदा पर्यटक आवास गृह में होगा भव्य स्वागत

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर। भगवान भोलेनाथ की पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी क्रम में बुधवार की शाम 48 सदस्यीय नौवां दल टनकपुर स्थित शारदा पर्यटक आवास गृह (टीआरसी) पहुंचेगा, जहां कुमाऊँ मंडल विकास निगम, प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा तीर्थयात्रियों का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया जाएगा।इस दल में 36 पुरुष एवं 12 महिला तीर्थयात्री शामिल हैं। यात्रियों की आयु 36 वर्ष से 68 वर्ष के बीच है। सबसे कम आयु के श्रद्धालु 36 वर्ष तथा सबसे वरिष्ठ 68 वर्ष के हैं, और दोनों ही राजस्थान के निवासी हैं।नौवें दल में देश के 13 राज्यों से श्रद्धालु शामिल हैं, जो भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। राज्यवार यात्रियों की संख्या इस प्रकार है— आंध्र प्रदेश से 1, दिल्ली से 5, गुजरात से 7, हरियाणा से 2, झारखंड से 1, मध्य प्रदेश से 1, महाराष्ट्र से 7, ओडिशा से 1, राजस्थान से 11, उत्तर प्रदेश से 4, कर्नाटक से 2, तेलंगाना से 5 तथा उत्तराखंड से 1 तीर्थयात्री।यह इस वर्ष का सेकेंड लास्ट (नौवां) दल है। यात्रा का अंतिम एवं दसवां दल 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा, जिसके साथ ही वर्ष 2026 की ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा का टनकपुर पड़ाव पूर्ण हो जाएगा।टनकपुर, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है, पिछले कई सप्ताह से देशभर से आने वाले शिवभक्तों की आस्था, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का साक्षी बना हुआ है। शारदा पर्यटक आवास गृह में यात्रियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद एवं सुरक्षित रहे।भोलेनाथ के जयघोष और शिवभक्तों की अटूट आस्था के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 अब अपने सफल समापन की ओर अग्रसर है।