
टनकपुर (चम्पावत)। उत्तराखंड मार्ग से संचालित पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का 49 सदस्यीय छठा दल शनिवार प्रातः शारदा पर्यटक आवास गृह, टनकपुर से अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गया। एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
इस अवसर पर ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि सावन के पावन माह में शिवभक्तों के बीच आने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी भी हार्दिक इच्छा है कि जीवन में एक बार उन्हें भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने का सौभाग्य प्राप्त हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए उन्हें अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। विदाई के दौरान पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष गूंज उठे।
उल्लेखनीय है कि छठा दल शुक्रवार सायंकाल टनकपुर पहुंचा था, जहां श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, वेलकम ड्रिंक तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों ने शिवभक्तों का मन मोह लिया।
शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि छठे दल में दो लाइजनिंग ऑफिसर (एलओ), एक चिकित्सक सहित कुल 49 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 32 पुरुष एवं 17 महिला श्रद्धालु हैं। यह दल देश के 13 राज्यों का प्रतिनिधित्व करता है, जिनमें असम (1), छत्तीसगढ़ (1), दिल्ली (5), गुजरात (8), हरियाणा (4), कर्नाटक (2), महाराष्ट्र (4), ओडिशा (1), राजस्थान (9), तेलंगाना (1), त्रिपुरा (1), उत्तर प्रदेश (9) तथा पश्चिम बंगाल (3) के श्रद्धालु शामिल हैं। यह दल भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक भी है।
शनिवार प्रातः प्रस्थान से पूर्व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं तथा माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति के बच्चों ने समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के नेतृत्व में पारंपरिक वेशभूषा, पुष्पवर्षा और मंगल गीतों के साथ श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर एनएचपीसी पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य, मार्टिन माइकल, समिति अध्यक्ष दीपा देवी, शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार, विवेक कुमार, बद्री राम, अवनीश कुमार, महेश कुमार, मनीष मेहरा, सूरज कुमार, अर्जुन राणा, बलवंत कुमार, संदीप आर्या, सुंदर लाल, हुकम बोरा, महेश राम, पप्पू लाल, सरिता देवी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


