अनियंत्रित कैटर वाहन ने सब्जी के ठेलो सहित दो लोगों को उड़ाया, अस्पताल में उपचार जारी हालत स्थिर

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)।टनकपुर-खटीमा हाईवे पर हजारा बाग के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब अनियंत्रित कैटर वाहन संख्या HR 37F- 4338 ने सड़क किनारे चल रहे दो सब्जी के ठेलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।घायलों की पहचान 45 वर्षीय कुंवर पाल पुत्र जीवन मौर्य, निवासी बीसलपुर पीलीभीत (हाल निवासी बिचई, टनकपुर) और 32 वर्षीय अशोक मौर्य पुत्र राम भरोसे मौर्य, निवासी बरेली उत्तर प्रदेश (हाल निवासी बिचई, टनकपुर) के रूप में हुई है।लेकिन इस हादसे के बीच जो तस्वीर उभरकर सामने आई, वह मानवता और साहस की मिसाल बन गई। मौके पर मौजूद युवाओं ने बिना समय गंवाए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। अंकित बाल्मीकि, देवेंद्र यादव,निखिल प्रजापति, आनंद यादव, भावित भट्ट, शुभम भट्ट, आदिल रहमान और अमीम रहमान जैसे युवाओं ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।युवाओं की तत्परता के चलते पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और अपने वाहन से दोनों घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर मिले उपचार के चलते दोनों की हालत अब स्थिर बनी हुई है।उपजिला अस्पताल के डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।बताते चले अगर इन युवाओं ने समय रहते पहल नहीं की होती, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। इन “राहगीर योद्धाओं” की सतर्कता और मानवता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समाज में आज भी संवेदनशील लोग मौजूद हैं, जो जरूरत पड़ने पर किसी के लिए भी देवदूत बन जाते हैं।