
चम्पावत, टनकपुर । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने की दिशा में टनकपुर में 1424.52 लाख रुपये (करीब 14.25 करोड़ रुपये) की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के भूमि पूजन एवं निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया है।मीडिया सेंटर के निर्माण से टनकपुर सहित जनपद के पत्रकारों को समाचार संकलन, सूचनाओं के आदान-प्रदान और मीडिया संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही पत्रकारों को आपसी संवाद और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए एक उपयुक्त स्थान भी मिलेगा।जनपद की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। ऐसे में मीडिया सेंटर के माध्यम से प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रामाणिक सूचनाओं के समयबद्ध प्रसार में भी सहायता मिलेगी।इस परियोजना का निर्माण प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। मीडिया सेंटर के तैयार होने से जनपद में पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और पत्रकारों को एक स्थायी एवं बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।



