नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, सभासद और लिपिक के लिखित में खेद व्यक्त करने के बाद कामकाज बहाल।

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका परिषद टनकपुर में बोर्ड बैठक के दौरान शुरू हुआ विवाद आखिरकार लिखित माफीनामे के बाद समाप्त हो गया। कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है, जिसके बाद पालिका के समस्त कार्यालयीन एवं जनहित से जुड़े कार्य फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गए हैं।बुधवार को पालिका अध्यक्ष एवं उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विगत सोमवार को बोर्ड बैठक के दौरान हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता और विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान वार्ड संख्या-7 के सभासद चर्चित शर्मा ने और पालिका के लिपिक बिनोद बिष्ट नें नगर पालिका के समस्त कर्मचारियों एवं बोर्ड सदस्यों के समक्ष लिखित में समझौता प्रस्तुत करते हुए अपने कृत्य पर खेद व्यक्त किया।सभासद और लिपिक की ओर से लिखित रूप में खेद जताए जाने के बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही पालिका कार्यालय में कामकाज बहाल हो गया और आम जनता से जुड़े कार्य भी पूर्व की भांति शुरू कर दिए गए।गौरतलब है कि पालिका बोर्ड बैठक में कैंटीन के समीप दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला कोतवाली तक पहुंच गया। कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप पालिका कार्यालय में तालाबंदी कर दी थी, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा था। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से विवाद पर विराम लग गया है।

Ad