विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर दयानन्द इण्टर कॉलेज, टनकपुर में हुआ भव्य कार्यक्रम, स्काउट एकांशु भट्ट के संचालन में हुआ कार्यक्रम आयोजित

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत) । विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर दयानन्द इण्टर कॉलेज में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स इकाई द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ ध्वजशिष्टाचार के साथ किया गया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनुश्रवा आर्य, प्रधानाचार्या माहेश्वरी पाण्डेय एवं विद्यालय की कोषाध्यक्ष गायत्री कृपा द्वारा किया गया।कार्यक्रम में अतिथियों ने स्काउट स्कार्फ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउट स्कार्फ सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, भाईचारे एवं राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्काउट-गाइड के आदर्शों का पालन करते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में 10 नवीन स्काउट एवं 10 नवीन गाइड को विधिवत स्कार्फ पहनाकर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की यूनिट में सम्मिलित किया गया। सभी नवप्रवेशी स्काउट-गाइड ने स्काउट प्रतिज्ञा के साथ सेवा एवं सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन सीनियर स्काउट एकांशु भट्ट ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन विद्यालय के स्काउट मास्टर संदीप कुमार एवं गाइड कैप्टन रवीना सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएँ एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं स्काउट-गाइड के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।