नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छः निर्माण कार्यों का नगर पालिका परिषद द्वारा किया गया विधिवत उद्घाटन, चेयरमेन विपिन कुमार और ईओ ऋषभ उनियाल ने नगर विकास का तैयार किया ख़ाका

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर (चम्पावत)। सोमवार कों नगर पालिका परिषद, टनकपुर द्वारा नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छः निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन कार्यों में मुख्य रूप से सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, नालियों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, पार्कों में पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण सहित अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्य सम्मिलित हैं। इन कार्यों के प्रारंभ होने से नगरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा नगर के सौंदर्य एवं स्वच्छता में वृद्धि होगी।
उक्त छः निर्माण कार्यों का आज नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसमें संबंधित वार्डों के सदस्यगण एवं अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल भी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद, टनकपुर द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में अन्य निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिनका टेंडर कार्य पूर्ण कर कार्यादेश जारी किया जा चुका है। शेष निर्माण कार्यों को भी शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे नगर के समग्र विकास को गति मिलेगी। नगर पालिका परिषद, टनकपुर द्वारा जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। यह समस्त कार्य नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार जी के निर्देशन में संपादित किए जा रहे हैं, जिनकी विकासपरक सोच एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता से नगर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहे हैं।
नगर पालिका परिषद का उद्देश्य नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाता रहेगा।