➡️ पूर्णागिरि मेले में 150 से अधिक श्रद्धालुओं की बचाई थी जान, आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध कराने का मिला आश्वासन

टनकपुर (चम्पावत)। शारदा घाट स्थित जल पुलिस चौकी में आयोजित सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जल पुलिस के रविंद्र सिंह उर्फ ‘पहलवान’, राकेश गिरी और सूरज शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जल पुलिस के जवान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जिंदगी बचाने का कार्य कर रहे हैं। रविंद्र सिंह पिछले 15 वर्षों से शारदा नदी में सेवाएं दे रहे हैं और इस दौरान करीब एक हजार लोगों की जान बचा चुके हैं। वहीं, इस वर्ष मां पूर्णागिरि मेले के दौरान उनकी टीम ने 150 से अधिक श्रद्धालुओं को डूबने से सुरक्षित बाहर निकाला।जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि जल पुलिस की सराहनीय सेवाओं की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाई जाएगी, ताकि टीम को राज्य स्तर पर सम्मान मिल सके। उन्होंने आगामी पूर्णागिरि मेले से पहले जल पुलिस को मोटर बोट, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू रस्सियां एवं अन्य आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।सम्मान से अभिभूत रविंद्र सिंह ने कहा कि यह सम्मान पूरी जल पुलिस टीम के समर्पण का सम्मान है, जो उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ मानव सेवा के लिए प्रेरित करेगा।इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, कोमल गिरी, अंकु सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


