नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में मेडिकल व्यवसायी गिरफ्तार, पॉक्सो में मुकदमा दर्ज, जनाक्रोश के बीच प्रशासन की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर सील

खबर शेयर करें 👉

बनबसा (चम्पावत)। बनबसा क्षेत्र में एक मेडिकल व्यवसायी पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता के परिजनों ने बनबसा थाने में तहरीर देकर एक मेडिकल प्रतिष्ठान संचालक पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक एवं हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते जनाक्रोश के बीच प्रशासनिक टीम ने संबंधित मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई भी की।इस मामले पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने तथा दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना भी की।थाना प्रभारी बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर आरोपी राज मुशर्रफ के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।नाबालिगों के विरुद्ध अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आते हैं और ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर दंड का प्रावधान है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।