
टनकपुर/चम्पावत। बूम वन क्षेत्र के सुखीढांग अनुभाग अंतर्गत ग्राम पंचायत धूरा में शुक्रवार को वनाग्नि सुरक्षा एवं रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता से वनाग्नि सुरक्षा प्रबंधन समिति का गठन करना रहा।बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सरस्वती देवी ने की। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान, बचाव के उपाय तथा आग लगने की घटनाओं को रोकने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े नुकसान का कारण बनती हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।ग्रामीणों ने बैठक में संकल्प लिया कि वे वनाग्नि नियंत्रण में वन विभाग का पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही नाप भूमि से जंगलों में आग फैलने की घटनाओं को रोकने के लिए खेतों में सूखी घास व कूड़ा जलाने पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा। सभी ग्रामवासियों को जागरूक करने और वनाग्नि की घटनाओं पर अंकुश लगाने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में वन पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर विद्याराम जोशी, बहादुर सिंह, गिरिश चन्द्र जोशी (वन दरोगा), राजेन्द्र कुमार व संजय सिंह (बीट अधिकारी) सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।


