
बनबसा (चम्पावत)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर पंचायत बनबसा द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी ने सभी सभासदों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को पत्र जारी कर अभियान में सहभागिता का आह्वान किया है। इस आशय की जानकारी अधिशाषी अधिकारी दीपक चंद्र बुढलाकोटी से प्राप्त हुई।ईओ के अनुसार 21 जून को मिनी स्टेडियम बनबसा में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री के प्रतिभाग करने का प्रस्ताव है। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत 17 जून बुधवार को प्रातः 7:00 बजे से मिनी स्टेडियम बनबसा एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा।नगर पंचायत ने सभी संबंधित लोगों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों, सफाई कर्मियों एवं पर्यावरण मित्रों को भी अभियान में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


