उफनते बरसाती नाले के बीच पुलिस बनी सहारा, सैकड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित कराया पार

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर/पूर्णागिरि। माँ पूर्णागिरि धाम यात्रा के दौरान हुई तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की राह में बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। बाटनागाढ़ में अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण यात्रा काफ़ी समय के लिए बाधित हो गई, लेकिन मेला प्रशासन और चम्पावत पुलिस ने साहस, तत्परता एवं मानव सेवा का परिचय देते हुए स्थिति को संभाल लिया।ठुलीगाड़ चौकी प्रभारी हरीश पुरी एवं उनकी पुलिस टीम तथा बूम चौकी प्रभारी संदीप पिलख्वाल अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मेला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए उफनते बरसाती नाले के बीच फंसे सैकड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार कराया। अधिकारियों और जवानों ने स्वयं जलधारा के बीच खड़े होकर श्रद्धालुओं को सहारा दिया तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई तथा कुछ ही घंटो में यात्रा पुनः सामान्य रूप से संचालित होने लगी। कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई इस तत्परता और साहसिक कार्य की श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।श्रद्धालुओं ने चम्पावत पुलिस और मेला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार पुलिसकर्मियों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है। पुलिस के इस सेवा भाव और समर्पण ने एक बार फिर जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है।”सेवा, सुरक्षा और समर्पण” का संदेश देते हुए चम्पावत पुलिस ने माँ पूर्णागिरि धाम यात्रा में अपनी जिम्मेदारी का सफल निर्वहन कर श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया।