
चंपावत में पत्रकारों का सम्मान, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर गंभीर चर्चा और समाज में मीडिया की भूमिका पर मंथन देखने को मिला। जिला सूचना विभाग सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने सहभागिता कर हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को याद किया।चंपावत जिला पत्रकार संगठन के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा नेता शंकर दत्त पांडे तथा जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जिसके बाद पत्रकारिता के वर्तमान परिदृश्य, चुनौतियों और बदलते स्वरूप पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।मुख्य अतिथि शंकर दत्त पांडे ने पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना आसान नहीं रह गया है, फिर भी अनेक पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। जनपद में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सात पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा, सतीश जोशी, हरीश पांडे, दीपक धामी, ललित मोहन जोशी, पंकज पाठक और विनोद चतुर्वेदी को शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित पत्रकारों के प्रति सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपना सम्मान व्यक्त किया।जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उनकी रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक होती है।महामंत्री गिरीश बिष्ट के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों एवं जिलेभर से आए पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।हिंदी पत्रकारिता दिवस के इस आयोजन ने न केवल पत्रकारों के योगदान को सम्मान दिया, बल्कि बदलते समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारियों और चुनौतियों पर भी गंभीर संवाद का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ उठाने का संकल्प दोहराया।इस दौरान कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, चंद्र शेखर जोशी, राजेश देऊपा, जया पुनेठा, देवेंद्र चंद्र देवा, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, सुरेश उप्रेती, जीवन वर्ती, शुभम गौड़, कुंदन बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट, दीपक फुलेरा, बाबूलाल यादव, दिनेश खर्कवाल, अर्जुन सिंह, रूपेश कुमार प्रजापति, सूरी पंत, मार्टिन माइकल, अर्जुन सिंह, जगदीश जोशी, प्रकाश भट्ट, विपिन चंद्र जोशी, नवीन भट्ट, महेश चौड़ाकोटी, विनोद पाल, मयंक पंत सहित जिलेभर से आए हुए पत्रकारों ने प्रतिभाग किया।


