कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर सियासत हुई तेज, टनकपुर में भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर व्यक्त की अपनी प्रतिक्रिया, कांग्रेस पर धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति का लगाया आरोप

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। उत्तराखंड की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कुमाऊं–गढ़वाल को लेकर दिए गए बयान पर अब बीजेपी भड़क उठी है। बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया है। दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के हालिया बयान में कुमाऊं और गढ़वाल को लेकर की गई टिप्पणी ने सियासी माहौल गरमा दिया है। इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है और इसे समाज को बांटने वाला बताया है। बीजेपी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति करती आई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एकता और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बीजेपी ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि धर्म और क्षेत्रीय भावनाओं को राजनीति से दूर रखना चाहिए। पार्टी नेताओं ने साफ कहा कि इस तरह के बयान राज्य के विकास और आपसी भाईचारे के लिए घातक हैं। वरिष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख भुवन पाण्डेय ने कहा “धर्म और क्षेत्र के नाम पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस को चाहिए कि वह जनता के मुद्दों पर बात करे, ना कि समाज को बांटने की कोशिश करे।”बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया और कहा कि जनता ऐसे बयानों का जवाब आने वाले चुनाव में देगी।फिलहाल, इस बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के आसार हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस पर क्या सफाई देती है।पीसी के दौरान जिला महामंत्री पूरन मेहरा, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, महामंत्री कुमुद जोशी और हरीश कलोनी मौजूद रहे।