चम्पावत – आंगनबाड़ी बहनों के हक के लिए उक्रांद ने बुलंद की आवाज; 9 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें 👉

चम्पावत। उत्तराखंड क्रांति दल चम्पावत की पूरी टीम ने आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित और न्यायोचित समस्याओं को लेकर हुंकार भरी। जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में उक्रांद के प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा के साथ मिलकर जिलाधिकारी चम्पावत को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं के अविलंब निस्तारण की मांग की।ज्ञापन सौंपते हुए उक्रांद जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “उत्तराखंड क्रांति दल अपनी आंगनबाड़ी बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा था, खड़ा है और भविष्य में भी हमेशा खड़ा रहेगा। इन बहनों का मानसिक और आर्थिक शोषण अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने शासन को चेतावनी दी कि यदि मानदेय, मोबाइल रिचार्ज और केंद्रों के किराए जैसी बुनियादी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो दल उग्र आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जनवरी से अप्रैल तक का मानदेय अब तक लंबित है। इसके अलावा गैस रिफिल की व्यवस्था न होना, PMMVY की प्रोत्साहन राशि में देरी और सेनेटरी पैड की बिक्री जैसे अतिरिक्त व्यावसायिक कार्यों का बोझ कार्यकर्ताओं पर डालना पूरी तरह अनुचित है।इस अवसर पर उक्रांद की पूरी टीम ने एकजुटता दिखाते हुए इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की पुरजोर वकालत की। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष दीपेश शर्मा के साथ कोषाध्यक्ष गजेन्द्र बोहरा, महामंत्री विपिन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश जोशी, ब्लॉक उपाध्यक्ष पीयूष तिवारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।