
टनकपुर (चम्पावत)। गंगा सिंह उदावत, कमांडेंट 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के नेतृत्व में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत चलाए जा रहे “100 दिनों की योग काउंटडाउन” अभियान के तहत सीमा चौकी बूम, 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के परिसर में प्रातः 0700 बजे से 0800 बजे तक एक विशेष योग सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस योग सत्र में बीओपी में उपस्थित बलकार्मिकों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बलकार्मिकों को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से तनावमुक्त तथा कर्तव्य निर्वहन हेतु अधिक सक्षम बनाए रखना था, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र में तैनाती के दौरान उनकी कार्यक्षमता एवं मनोबल उच्च बना रहे। इस अवसर पर टनकपुर (उत्तराखंड) से पधारी योग प्रशिक्षक श्रीमती किरण गहतोड़ी एवं उनकी टीम द्वारा बलकार्मिकों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। योग सत्र के दौरान सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न लाभकारी आसनों का अभ्यास कराया गया तथा श्वसन क्रियाओं के माध्यम से शरीर एवं मन को संतुलित रखने के लिए प्राणायाम का महत्व समझाया गया। योग प्रशिक्षक द्वारा उपस्थित बलकार्मिकों को नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों जैसे शारीरिक सहनशक्ति में वृद्धि, रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार, तनाव एवं चिंता में कमी, एकाग्रता बढ़ाने तथा सकारात्मक ऊर्जा के विकास के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही गलत तरीके से योग करने से होने वाली संभावित समस्याओं एवं चोट से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों तथा गाइडलाइन से भी अवगत कराया गया। योग प्रशिक्षक एवं उनकी टीम द्वारा भविष्य में भी वाहिनी के साथ समन्वय स्थापित कर इस प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। इस आयोजन से बलकार्मिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा सभी ने नियमित रूप से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निरीक्षक संजय कुमार,सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी संदीप, कृष्ण कुमार, आरक्षी अमित एवं सीमा चौकी के जवान उपस्थित रहे।

